अयोध्या में अमर उजाला में शांतिपुरम कॉलोनी की बदहाल सड़क और जलभराव की खबर प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद नगर निगम हरकत में आया है। विभाग की ओर से रविवार को कॉलोनी में रास्ता खोलने के लिए मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया गया। पहले मजदूरों से धीरे-धीरे काम कराया जा रहा था, लेकिन खबर छपने के बाद अधिकारियों ने ट्रैक्टर लगाकर तेजी से मलबा हटवाना शुरू किया। स्थानीय लोगों के अनुसार, महीनों से खुदी पड़ी नाली और सड़क पर पड़े मलबे के कारण लोगों का निकलना दुश्वार हो गया था। कॉलोनी निवासी ने बताया कि अमर उजाला में खबर छपने के बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे और जेसीबी व ट्रैक्टर से काम शुरू कराया। लोगों ने राहत की सांस ली है, हालांकि अभी सड़क पूरी तरह ठीक नहीं हुई है। नगर निगम के अपर नगर आयुक्त डॉ नागेंद्र नाथ ने बताया कि जल्द ही नाली निर्माण और सड़क समतलीकरण का काम पूरा कर लिया जाएगा। स्थानीय निवासी कंचन मौर्या, अनिल यादव व अन्य स्थानीय लोगों ने अमर उजाला का आभार जताया है।