अयोध्या स्थित राम मंदिर परिसर में स्थित उप मंदिरों को श्रद्धालुओं के लिए खोलने की तैयारी तेज हो गई है। इस संबंध में अंतिम निर्णय शुक्रवार को होने वाली राम मंदिर निर्माण समिति की बैठक में लिया जाएगा। बताया जा रहा है कि उप मंदिरों को खोलने की योजना काफी समय से विचाराधीन है, लेकिन अब इसे अमलीजामा पहनाने की दिशा में ठोस कदम बढ़ाए जा रहे हैं। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों से अभी तक पूर्ण अनुमति नहीं मिल पाने के कारण प्रक्रिया में देरी हो रही है। सूत्रों के अनुसार, बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की आवाजाही और व्यवस्थाओं की समीक्षा के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा। समिति इस बात पर विशेष ध्यान दे रही है कि उप मंदिरों के खुलने से किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए। यदि सुरक्षा एजेंसियों से हरी झंडी मिल जाती है, तो मई माह से श्रद्धालु राम मंदिर परिसर के उप मंदिरों में भी दर्शन कर सकेंगे।