प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत की मौजूदगी में 25 नवंबर को राम मंदिर के ध्वजारोहण समारोह के लिए पांच स्तरीय सुरक्षा घेरा होगा। पहले स्तर में एसपीजी के जवान मोर्चा संभालेंगे। दूसरे पर एनएसजी और तीसरे पर एटीएस के कमांडो मुस्तैद रहेंगे। चौथे स्तर पर सीआरपीएफ को जिम्मेदारी सौंपी गई है। आखिरी स्तर पर उत्तर प्रदेश पुलिस, पीएसी और एसएसएफ के जवान होंगे। इसी आखिरी सुरक्षा घेरे में पुलिस के 250 जवान तैनात किए जा रहे हैं, जो एसपीजी की ही तरह सूट-बूट में दिखाई देंगे। इनमें इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर, हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल शामिल होंगे। ये पुलिसकर्मी गहरे नीले रंग के कोट, आसमानी नीली शर्ट और ग्रे रंग की पैंट पहने होंगे। इसे विशेष ऑर्डर देकर तैयार कराया जा रहा है। इस तरह वीवीआईपी की सुरक्षा में लगी पुलिस के भी वीआईपी होने का एहसास कराया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा के लिए लगभग 15,000 जवान तैनात किए जाएंगे।