समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री पवन पांडेय ने अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावा चोरी प्रकरण को लेकर बयान जारी किया है। उन्होंने अयोध्यावासियों का बचाव किया। कहा कि पूरे शहर को बदनाम करना उचित नहीं है। यदि किसी पर आरोप हैं तो वे केवल दोषियों पर लगाए जाएं। पांडेय ने कहा कि कथित चोरी की घटना से अयोध्यावासी भी आहत हैं व मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रस्ट से जुड़े जिम्मेदार लोगों के संरक्षण में यह घटना हुई। साथ ही कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से मामला उठाए जाने के बाद कुछ लोग सोशल मीडिया पर भ्रामक टिप्पणियां कर रहे हैं, लेकिन इससे सच्चाई नहीं बदलेगी। उन्होंने कहा कि अयोध्या की पहचान उसकी आस्था और मर्यादा है, इसलिए पूरे शहर और अयोध्यावासियों पर सवाल उठाना उचित नहीं है।