रामनगरी अयोध्या में आसमान से श्रद्धालुओं को राम मंदिर, हनुमानगढ़ी, कनक भवन और सरयू समेत अन्य धर्म स्थलों का दर्शन कराने के लिए 19 फरवरी से शुरू हुई हेलीकॉप्टर सेवा स्थानीय अधिकारियों और सेवा दे रही कंपनियों की अदूरदर्शिता के कारण बंद हो गई। अयोध्या की हवाई दर्शन योजना हवा हवाई साबित हो रही है। आलम यह है कि आसमान से अयोध्या दर्शन के लिए श्रद्धालु ही नहीं मिल रहे हैं। शुरुआत के एक सप्ताह तक श्रद्धालुओं ने इस सेवा का आनंद उठाया लेकिन उसके बाद रुचि घटती चली गई। इस सेवा के तहत श्रद्धालुओं को आठ मिनट में पूरे अयोध्या धाम का हवाई दर्शन कराया जा रहा था। एक बार में छह लोग बैठ सकते थे। इसमें पांच यात्री और एक पायलट होता था। सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक यह सुविधा थी। एक यात्री का किराया 4130 रुपये तय किया गया था। सरयू अतिथि गृह के सामने बने हेलीपैड से हेलीकॉप्टर श्रद्धालुओं को लेकर उड़ता था। यात्रा करने के लिए सिर्फ ऑनलाइन बुकिंग होती थी। स्थानीय लोगों व अयोध्या के संतों का कहना है कि स्थानीय अधिकारियों के अदूरदर्शिता के चलते हेलीकॉप्टर सेवा बंद हुई है। उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ से मांग की है कि अयोध्या में हेलीकॉप्टर सेवा फिर से शुरू करवाएं।