राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम से पूर्व रामनगरी अयोध्या में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। हिंदू नव वर्ष की पूर्व संध्या पर रामकोट की भव्य परिक्रमा निकाली गई, जिसमें हजारों साधु-संतों ने भाग लिया। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही और जय श्रीराम के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। परिक्रमा के दौरान निकली आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं, जिनमें भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों का जीवंत चित्रण किया गया। सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। शहर के प्रमुख मार्गों को सजाया गया था, जिससे अयोध्या का माहौल और भी दिव्य और उत्सवी हो गया। तुलसी उद्यान और धर्मपथ पर दिखी भव्य सजावट राष्ट्रपति के आगमन से पूर्व रामनगरी अयोध्या उत्सवी रंग में सराबोर नजर आ रही है। पूर्व संध्या पर शहर के प्रमुख स्थलों को भव्य रोशनी से सजाया गया है। जगतगुरु आद्य शंकराचार्य द्वार, तुलसी उद्यान और धर्मपथ लाइटों से जगमगा उठे हैं, जिससे पूरा क्षेत्र आकर्षण का केंद्र बन गया है। प्रशासन की ओर से साफ-सफाई और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जगह-जगह पुलिस बल तैनात है और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए विशेष योजना लागू की गई है।