भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव के माहौल के दौरान पाकिस्तान का समर्थन करने वाले तुर्किये का विरोध बढ़ता जा रहा है। अयोध्या में तपस्वी छावनी के पीठाधीश्वर जगदगुरु परमहंस आचार्य ने तुर्किये का झंडा जलाकर विरोध प्रकट किया। उन्होंने कहा कि देश में कोई भी व्यक्ति तुर्किये के उत्पाद का प्रयोग न करे। परमहंस आचार्य ने कहा कि 2023 में जब तुर्किये में भूकंप आया था, तब भारत ने मदद की थी और उसका नाम दिया गया था ऑपरेशन दोस्त। अब यही दोस्त भारत का दुश्मन बनकर आतंक का समर्थन करने पाकिस्तान पहुंच गया। तुर्किये भूल गया कि उसके बुरे दिन में भारत ने साथ दिया था और अब वह आतंक का समर्थन कर रहा है। इसलिए भारतवासियों को तुर्किये के उत्पादों का बहिष्कार करना चाहिए। पहलगाम में निर्दोष लोगों की आतंकवादियों ने हत्या कर दी थी। इसका बदला भारत की सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत लिया लेकिन पाकिस्तान की मदद करने के लिए तुर्किये आतंक के समर्थन में खड़ा हो गया।