रामनगरी अयोध्या में सूखे जैसे हालात हैं। किसानों को बारिश का इंतजार है। कड़ी धूप और उमस से लोग बेहाल हैं तो वहीं दूसरी तरफ पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही भारी बारिश की वजह से अयोध्या में सरयू का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। वर्तमान समय में सरयू का जलस्तर वार्निंग लेवल (चेतावनी बिंदु) से लगभग 24 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है। अनुमान लगाया जा रहा है कि अब सरयू का जलस्तर लगातार बढ़ता जाएगा। अयोध्या में प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु सरयू में स्नान करते हैं। ऐसी स्थिति में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कोई समस्या न उत्पन्न हो, इसको लेकर जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम अलर्ट मोड पर है। सरयू के घाटों पर एसडीआरएफ और जल पुलिस के जवान गश्त कर रहे हैं। इस दौरान श्रद्धालुओं से अपील भी की जा रही है कि वह गहरे पानी में स्नान न करें। इतना ही नहीं सरयू नदी में बोट चलाने वाले सभी नाविकों को भी गाइडलाइन जारी की गई है कि वे नदी में नाव ले जाने से बचें क्योंकि लगातार पहाड़ी क्षेत्रों पर भारी बारिश की वजह से जलस्तर में वृद्धि हो रही है। इसको लेकर अयोध्या जिला प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। केंद्रीय जल आयोग के सहायक अभियंता आकाश प्रताप सिंह ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही लगातार भारी बारिश की वजह से अयोध्या में सरयू का जलस्तर बढ़ता जा रहा है। पिछले दो दिन से तीव्र गति के साथ जलस्तर बढ़ रहा है। वर्तमान समय में सरयू का जलस्तर 91.970 सेमी है और वार्निंग लेवल 91.730 है। वार्निंग लेवल से 24 सेंटीमीटर सरयू का जलस्तर बढ़ा हुआ है। अनुमान यह लगाया जा रहा है कि अब सरयू का जलस्तर बढ़ता जाएगा। दूसरी तरफ एसडीआरएफ के प्रभारी अनुराग सिंह ने बताया कि भारी बारिश होने के कारण लगातार जलस्तर बढ़ रहा है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए हम लोग अलर्ट मोड पर हैं। जल पुलिस, स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम अलर्ट मोड पर है। हम लोग लगातार गश्त भी कर रहे हैं। श्रद्धालुओं से गहरे पानी में न जाने की अपील भी कर रहे हैं। दूसरी तरफ नाविकों को भी हिदायत दी गई है कि सरयू नदी में जाने से बचें। यदि जाना ही है तो अपनी नाव पर केवल सात-आठ लोगों को ही बैठाएं।