अयोध्या में राम नाम जप के साथ आस्था के 14 कोस पर परिक्रमा करने के लिए गुरुवार को लाखों श्रद्धालु बढ़े। रामनगरी में इस समय हर तरफ भक्ति में उल्लास छाया हुआ है। जय श्रीराम का उद्घोष वातावरण में गूंज रहा है। अनवरत हो रही बारिश के बीच श्रद्धालु पुण्य की कामना के साथ परिक्रमा कर रहे हैं। इनमें हर आयु वर्ग के महिला, पुरुष, बच्चे और युवा शामिल हैं। इस दौरान सुरक्षा के भी व्यापक प्रबंध किए गए हैं। ड्रोन से निगरानी की जा रही है। एटीएस के साथ पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने सुरक्षा की कमान संभाल रखी है। शुभ मुहूर्त में भोर में 4:50 बजे शुरू हुई परिक्रमा आज पूरे दिन के बाद रात में भी जारी रहेगी। इसमें 25 लाख के करीब श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। परिक्रमा शुरू करने के पहले और फिर खत्म करने के बाद सरयू स्नान के साथ राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन का भी दौर जारी है।