अयोध्या के बीकापुर में पुश्तैनी जमीन पर मकान निर्माण कराने की समस्या का समाधान न होने से आहत किसान द्वारा तहसील परिसर स्थित शहीद स्मारक पर परिवार सहित चार दिनों से किए जा रहे आमरण अनशन को शुक्रवार देर रात तहसील एवं पुलिस प्रशासन ने समाप्त करा दिया। रात करीब 11:30 बजे नायब तहसीलदार रामखेलावन, तारुन थाना अध्यक्ष देवेंद्र पांडेय तथा बीकापुर कोतवाली के उपनिरीक्षक अमरेंद्र बहादुर सिंह मौके पर पहुंचे और करीब एक घंटे तक वार्ता एवं मान-मनौव्वल के बाद अनशनकारी मस्तराम वर्मा को मकान निर्माण में आ रही बाधा दूर कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद नायब तहसीलदार ने पानी पिलाकर अनशन समाप्त कराया। तहसील क्षेत्र के तारुन थाना अंतर्गत बनकठवा इछौरी निवासी मस्तराम वर्मा ने बताया कि गांव की गाटा संख्या 130 पर उनके पूर्वजों के समय से पुश्तैनी मकान बना हुआ था। पुराने जर्जर मकान को गिराकर वह उसी स्थान पर नया निर्माण करा रहे थे, लेकिन आरोप है कि उपजिलाधिकारी बीकापुर ने विपक्षियों से मिलकर निर्माण कार्य रुकवा दिया। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के आदेश के बावजूद एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार द्वारा निर्माण कार्य नहीं होने दिया जा रहा था, जिससे वह पिछले एक वर्ष से तहसील के चक्कर काट रहे थे। समस्या का समाधान न होने पर मस्तराम वर्मा 26 मई 2026 से परिवार सहित आमरण अनशन पर बैठे थे। भारतीय किसान यूनियन के जिला महासचिव रामगोपाल मौर्य ने भी अनशन को समर्थन दिया। इस दौरान दिनेश कुमार वर्मा, शेषमणि तिवारी, मंसाराम वर्मा, हरिप्रसाद वर्मा, मायाराम वर्मा, अनिल कुमार उपाध्याय, तिलक राम गुप्ता और राम सहाय निषाद सहित कई लोग मौजूद रहे।