अयोध्या में परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन ने सोमवार को अयोध्या पहुंचकर क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय की कई व्यवस्थाओं पर उन्होंने असंतोष जताया और अधिकारियों को तीन दिन के भीतर सभी कमियों को दूर कर मुख्यालय को रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए। परिवहन आयुक्त ने विभिन्न पटल, नागरिक सेवाओं, रिकॉर्ड रूम तथा परमिट और प्रवर्तन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने सारथी पोर्टल और वाहन पोर्टल पर लंबित आवेदनों की पेंडेंसी शून्य करने के निर्देश दिए। रिकॉर्ड रूम में दस्तावेजों के व्यवस्थित रखरखाव पर भी जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि विभाग अपनी जिम्मेदारियों को लेकर सजग है और सुधार की गुंजाइश हमेशा बनी रहती है। ड्राइविंग टेस्टिंग मशीनों के संचालन और आधुनिक प्रशिक्षण सुविधा के बेहतर उपयोग के लिए लोगों में जागरूकता अभियान चलाने की भी आवश्यकता बताई।