अयोध्या में नगर निगम के अंतर्गत आने वाले अवधपुरी वार्ड के मेहताब बाग मोहल्ले में सीवर पाइप के ओवरफ्लो होने से गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस गंभीर समस्या से महापौर को अवगत कराया जा चुका है। महापौर स्वयं क्षेत्र में आकर स्थिति का निरीक्षण भी कर चुके हैं और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन आज छह दिन बीत जाने के बाद भी न तो नगर निगम का कोई अधिकारी मौके पर पहुंचा और न ही क्षेत्रीय पार्षद द्वारा कोई कार्रवाई की गई। पूर्व पार्षद अशोक द्विवेदी ने बताया कि यह मार्ग 14 कोसी परिक्रमा पथ से जुड़ा है और करीब तीन से चार सौ लोगों की आबादी इसी रास्ते पर निर्भर है। बच्चों का स्कूल आना-जाना भी इसी मार्ग से होता है। लोगों का कहना है कि जब शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही तो वे अपनी समस्या किसे कहें।