रामनगरी अयोध्या में सरयू के तट पर रामकथा पार्क में 22 सितंबर से अयोध्या की फिल्मी रामलीला का रंगारंग आगाज होने जा रहा है, जो दो अक्तूबर तक चलेगी। इस बार की रामलीला बेहद खास होगी। पर्दे के सितारे मंच पर उतरेंगे और भगवान श्रीराम की जीवन गाथा का जीवंत मंचन करेंगे। फिल्मी रामलीला में प्रख्यात भोजपुरी अभिनेता और सांसद मनोज तिवारी, फिल्म अभिनेता और सांसद रवि किशन, फिल्म अभिनेता पुनीत इस्सर, रजा मुराद, अवतार गिल, राकेश बेदी और बिंदु दारा सिंह भाग ले रहे हैं। इस रामलीला में आधुनिक तकनीक का अद्भुत संगम दिखने के साथ भारतीय संस्कृति की गूंज सुनाई देगी। फिल्मी रामलीला का यह सातवां संस्करण है। इससे पहले लक्ष्मण किला में फिल्मी रामलीला आयोजित होती थी लेकिन इस बार राम कथा पार्क में फिल्मी रामलीला का आयोजन हो रहा है। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म सहित दूरदर्शन पर शाम 7:00 बजे से रात 10:00 बजे तक इसका लाइव प्रसारण होगा। इस साल रावण दहन का दृश्य दर्शकों के लिए अविस्मरणीय अनुभव देने वाला है। रामकथा पार्क में दो अक्तूबर को 280 फीट ऊंचा रावण, 190 फीट ऊंचा मेघनाद और कुंभकरण के विशाल पुतले दहन किए जाएंगे।