कानपुर रोड पर बुधवार शाम तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस घायलों को तिर्वा स्थित मेडिकल कॉलेज ले गई। कन्नौज स्थित थाना ठठिया क्षेत्र के गांव गड़ी पुरवा निवासी संतोष (50) बुधवार शाम करीब सात बजे बेला से अपने गांव जा रहे थे। जैसे ही वो कानपुर रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उसे टक्कर मार दी। इससे बाइक सड़क पर गिर कर डंपर के नीचे आ गई। डंपर अनयंत्रित होकर बाइक को घसीटते हुए सड़क के दूसरी दिशा में पहुंच गया। बाइक सवार भी घसीट कर गंभीर रूप से घायल हो गया। डंपर चालक व परिचालक मौका पाकर डंपर छोड़कर भाग गए। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष गंगादास गौतम घायल को अपने वाहन से कन्नौज के तिर्वा स्थित मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां उसका उपचार चल रहा हैं। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही हैं। थानाध्यक्ष ने बताया हैं कि क्षतिग्रस्त वाहनों को थाने में खड़ा कराया गया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।