गजरौला में जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश के लिए आयोजित परीक्षा को नकल विहीन कराने के लिए खासी सख्ती बरती गई। परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली गई। इसके बाद ही उनको परीक्षा कक्ष में जाने दिया। 118 परीक्षार्थी नदारद रहे। जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश लेने के लिए शनिवार को परीक्षा की गई। नगर के ज्ञान भारती इंटर कॉलेज में परीक्षा केंद्र बनाया गया। यहां पर परीक्षा देने के लिए 478 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। जिनमें 360 परीक्षार्थी परीक्षा देने आए। सुबह 11 बजे से परीक्षा की गई। जिसे नकल विहीन कराने के लिए सुबह 10.30 बजे से ही स्टाफ गेट पर मुस्तैद होकर छात्र-छात्राओं की तलाशी लेने लगा। शांति व्यवस्था के लिए पुलिस कर्मी भी तैनात हो गए। सघन तलाशी के बाद ही परीक्षार्थी अंदर परीक्षा कक्ष में जा सके। ज्ञान भारती इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य पीजी गोस्वामी ने बताया कि 118 परीक्षार्थी परीक्षा से नदारद रहे।