137.87 लाख रुपये खर्च होने के बाद भी सुनपुरा कलां गांव के लोगों को पाइप लाइन से पेयजल मुहैया नहीं हो रहा है। अधूरा ओवरहेड टैंक बनाकर और पाइप लाइन बिछाकर सुध नहीं ली। ग्रामीण हैंडपंप और सबमर्सिबल से अपनी प्यास बुझा रहे हैं। उधर गांव से करीब एक किमी दूर जंगल में बने ओवरहेड टैंक के निकट लगे सोलर पैनल से चोर प्लेट चोरी कर ले गए। सुनपुरा कलां गांव गंगा के खादर में बसा है। जिसकी आबादी करीब दस हजार है। गांव में प्रत्येक घर शुद्ध पेयजल मुहैया कराने के लिए जल जीवन मिशन ने ओवरहेड टैंक बनाने और पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू किया। गांव में ग्राम पंचायत की जमीन नहीं मिलने पर करीब एक किमी दूर खेतों में ओवरहेड टैंक बनाया। उससे खेतों की चकरोड़ किनारे पाइप लाइन बिछाकर गांव तक लाई गई। गांव के सभी गलियों की सीसी रोड को तोड़कर पाइप लाइन बिछाई गई।