कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा ने पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है और इसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है। सरकार को जनता की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। हाल ही में हुए कार्यकर्ता सम्मेलन में राहुल गांधी और किशोरी लाल शर्मा को लेकर सोशल मीडिया पर विकास कार्य न कराने तथा निजी स्कूलों को फंड देने संबंधी पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद ने कहा कि इस तरह की बातें करने वाले लोगों को पूरी जानकारी नहीं है। सांसद निधि से संबंधित सभी जानकारियां संसद के पोर्टल पर सार्वजनिक रूप से उपलब्ध रहती हैं, जिन्हें कोई भी देख सकता है। उन्होंने कहा कि उन्हें सांसद निधि के तहत 10 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं, जिन्हें पूरी पारदर्शिता के साथ जनता के हित में खर्च किया जाएगा। खान सर कोचिंग पर हमले पर उन्होंने कहा कि गरीब बच्चों को आईएएस-आईपीएस बनाने वालों पर हमला बर्दाश्त नहीं, यह जंगल राज का उदाहरण है। उन्होंने बिहार सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि हमला किसने किया है, इसकी जांच पुलिस करेगी, लेकिन खान सर जैसे लोग शिक्षा को धंधा नहीं बनाते हैं। सांसद ने कहा कि खान सर सस्ती शिक्षा देकर गरीब और मध्यम वर्ग के बच्चों को आईएएस-आईपीएस बनने का अवसर प्रदान कर रहे हैं। ऐसे संस्थानों पर हमला बेहद निंदनीय है। यदि किसी शैक्षणिक संस्थान या उससे जुड़े प्रतिष्ठान पर हमला हुआ है तो सरकार को तत्काल संज्ञान लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि पटना में खुलेआम गोलियां चल रही हैं, जो मौजूदा सरकार के जंगल राज को दर्शाता है। केजीएमयू लखनऊ में कैंसर दवा घोटाले पर जताई नाराजगी दोषियों को मिले ऐसी सजा, दोबारा न कर सकें । उन्होंने कहा कि केजीएमयू में गरीब और जरूरतमंद मरीजों के इलाज का बड़ा केंद्र है। ऐसे संस्थान में घोटाले की खबर बेहद शर्मनाक और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि सरकार को मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। दोषियों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए कि भविष्य में कोई भी इस तरह की हरकत करने की हिम्मत न जुटा सके। इंडिया गठबंधन पर उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी खुद कह चुकी हैं कि वह गठबंधन का हिस्सा हैं। गठबंधन और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लेकर पूछे गए सवाल पर किशोरी लाल शर्मा ने कहा कि ममता बनर्जी स्वयं सार्वजनिक रूप से कह चुकी हैं कि वह गठबंधन का हिस्सा हैं। ऐसे में गठबंधन की बैठकों में उनकी भागीदारी स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल देश के मुद्दों पर एकजुट हैं और जनता से जुड़े सवालों को लगातार उठाते रहेंगे।