फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

VIDEO: भूमि विवाद में किसान की हत्या, पांच परिजन भी घायल, देर रात घर में घुसकर हमला

अमेठी। कोतवाली क्षेत्र के दलशाहपुर सैदपुर गांव में भूमि विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। देर रात हुई मारपीट में किसान रामफली पाल (65) की मौत हो गई, जबकि परिवार के पांच सदस्य घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बुधवार देर रात रामफली पाल के घर पर विवाद के दौरान लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला हुआ। हमले में रामफली पाल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बचाने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्य भी मारपीट की चपेट में आ गए। घायलों में अनारा पाल (60), सुनील पाल (35), किरन पाल (32), अनिकेत (10) समेत अन्य लोग शामिल हैं। घटना के दौरान घर के बाहर खड़ी गाड़ियों में भी तोड़फोड़ हुई। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमेठी पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने रामफली पाल की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से बेहतर इलाज के लिए एम्स रायबरेली भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। अन्य घायलों का उपचार चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार मिश्रा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के परिजनों की तहरीर पर कृष्ण कुमार सिंह, मंजू सिंह, शीतला सिंह, अतुल सिंह, शिरोमणि सिंह समेत अन्य लोगों के खिलाफ हत्या और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है। क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही घटना में शामिल लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें