राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को गौरीगंज स्थित केंद्रीय कांग्रेस कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप सिंघल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता धरने पर बैठे और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने गिरफ्तारी को लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला बताते हुए इसे राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई करार दिया। इससे पहले मंगलवार रात जिले के विभिन्न गांवों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का प्रतीकात्मक पुतला फूंककर विरोध जताया। धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विपक्ष की आवाज दबाने के लिए लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई गई। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के विरोध में नारे लगाए। जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रखेगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, महिला कार्यकर्ता, युवा और छात्र मौजूद रहे।