अमेठी में महाराणा प्रताप की जयंती पर शनिवार को अमेठी कस्बे में विशाल शौर्य यात्रा निकाली गई। क्षत्रिय समाज के नेतृत्व में आयोजित यात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं और सर्वसमाज के लोगों ने हिस्सा लिया। पूरे शहर में जयघोषों और देशभक्ति का माहौल दिखाई दिया। शौर्य यात्रा देवी पाटन मंदिर से शुरू हुई। डीजे और जयकारों के बीच यात्रा कस्बे के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए रामलीला मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में शामिल लोग “जय श्रीराम” और “महाराणा प्रताप अमर रहें” के नारे लगा रहे थे। हाथों में भगवा ध्वज और महाराणा प्रताप के चित्र लिए युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। यात्रा के दौरान कई स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। भगवा ध्वजों और आकर्षक झांकियों ने यात्रा को भव्य स्वरूप प्रदान किया। महिलाओं और बच्चों ने भी यात्रा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिलाध्यक्ष महेश सोनी, अनुज सिंह समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।