अमेठी में शिवरतनगंज के दांदूपुर स्थित गोआश्रय केंद्र के पास रविवार को घायल मिले इन्हौना के बड़ानापुर निवासी किसान राम दुलारे (60) की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मौत हो गई। उन्हें दो युवक अस्पताल लेकर पहुंचे थे। मौत के बाद दोनों वहां से चले गए। मौत के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक के भाई राम बहादुर ने बताया कि राम दुलारे खेती-किसानी के साथ मृत गोवंशों का अंतिम संस्कार करने और हड्डियां एकत्र करने का काम करते थे। रविवार को भी वह इसी काम से गोआश्रय केंद्र गए थे। आरोप है कि वहीं किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद दो लोगों ने उनकी पिटाई कर दी। बाद में वही लोग उन्हें अस्पताल छोड़कर चले गए। बताया कि विवाद के पीआरवी भी मौके पर गई थी। परिजनों का यह भी कहना है कि घटना के बाद गोआश्रय केंद्र का केयरटेकर भी नहीं मिला। उनका आरोप है कि राम दुलारे के शरीर पर चोट के निशान हैं और उनकी हत्या की गई है। एसओ दयाशंकर मिश्र ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बेहोश होकर गिरने की बात सामने आई है। अभी परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। राम दुलारे की मौत के बाद पत्नी फुलकला का रो-रोकर बुरा हाल रहा। वह पति को पुकारते हुए बिलखती रहीं। बेटी सुनीता, ममता तथा बेटे मोनू, कृष्णा, साहब, विनोद और सूरज भी बदहवास रहे। रिश्तेदार और ग्रामीण परिजनों को ढांढस बंधाते रहे।