अमेठी में शहर के वार्ड नंबर पांच पलिया में आंबेडकर पार्क की जमीन पर अतिक्रमण कर बनाए गए चार मकान को जिला प्रशासन और नगर पालिका की टीम ने ढहा दिया। एक और मकान की बुनियाद और उसमें बने पिलर को ध्वस्त कर दिया गया। संयुक्त कार्रवाई से गांव में अफरातफरी का माहौल रहा। अतिक्रमण हटाने पहुंची संयुक्त टीम को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। अतिरिक्त फोर्स आने के बाद भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी की जा सकी। नगर पालिका के वार्ड संख्या पांच पलिया में अंबेडकर पार्क के लिए 51 एअर भूमि आरक्षित की गई है। इस भूमि के बगल में कई ग्रामीणों को आवासीय पट्टा भी दिया गया है। इनके साथ ही छह लोगों ने जबरन मकान का निर्माण कर लिया। गांव के उदयराज और कृष्ण कुमार की शिकायत पर नगर पालिका ने अवैध निर्माण करने वालों को तीन बार नोटिस जारी कर कागजात मांगे लेकिन कोई सामने नहीं आया। इस पर अवैध निर्माण को ढहाने की नोटिस नगर पालिका ने जारी की। कार्रवाई में हो रही देरी पर शिकायतकर्ताओं ने डीएम और एसडीएम से फरियाद की। दो दिन पहले जिला प्रशासन ने नगर पालिका के ईओ को तत्काल अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया। इसके तहत शनिवार को दोपहर बाद तहसीलदार सूरज प्रताप सिंह, ईओ सुनील कुमार, कानून गो, लेखपाल व नगर पालिका कर्मचारियों के साथ जेसीबी सहित पलिया वार्ड पहुंचे। टीम के पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। अवैध निर्माण करने वालों के परिजन अधिकारियों से बहस करने के साथ ही कार्रवाई रोकने पर अड़ गए। काफी देर की मशक्कत के बाद पुलिस बल की मौजूदगी में चार मकान ढहाए गए जबकि एक मकान की बुनियाद और उसके पिलर को ध्वस्त कर दिया गया। तहसीलदार सूरज प्रताप सिंह ने बताया कि पैमाइश के बाद अतिक्रमण चिह्नित कर ढहा दिया गया है। पलिया के रामअंजोर, बब्बू, रामखेलावन और रामचंद्र के अवैध निर्माण को ढहा दिया गया है। एक अन्य मकान की नींव और पिलर को ध्वस्त किया गया। इसके बगल में एक और मकान बना है। किसी के न मिलने पर उस पर नोटिस चस्पा कर एक हफ्ते का वक्त दिया गया। जवाब न मिलने पर अतिक्रमण हटा दिया जाएगा।