यूपी के अमेठी में बृहस्पतिवार को बस की चपेट में आने से बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई। खबर मिली तो घर में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। आगे की कार्रवाई की जा रही है। हादसा पीपरपुर में प्रयागराज-अयोध्या हाईवे पर हुआ। मूल रूप से संग्रामपुर के चंडेरिया गांव निवासी रमजान अली (60) और उनके बेटे रेहान अली (40) बाइक से सुल्तानपुर जा रहे थे। दुर्गापुर बाजार के पास तेज रफ्तार बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। आसपास के लोगों ने देखा तो घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, भादर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देख डॉक्टर ने जिला अस्पताल, सुल्तानपुर के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि रमजान अली की बेटी का निकाह 20 अप्रैल को होना तय है। पिता-पुत्र शादी की खरीदारी करने को निकले थे।