राजेसुल्तानपुर (अंबेडकरनगर)। क्षेत्र के तुलसीपुर गांव निवासी अनिल पांडेय ने यूपीपीएससी आरओ-एआरओ 2023 परीक्षा में प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। दूसरे प्रयास में मिली इस सफलता के साथ वह समीक्षा अधिकारी पद के लिए चयनित हुए हैं। अनिल पांडेय की शुरुआती शिक्षा प्राथमिक विद्यालय मालपुर माधोपुर से हुई। इसके बाद उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय विद्यालय तरौना बांसगांव से कक्षा छह से आठ तक की पढ़ाई पूरी की। हाईस्कूल राज इंटर कॉलेज मल्लूपुर से वर्ष 2009 में और इंटरमीडिएट चित बहाल आदर्श बालिका इंटर कॉलेज पूरनपुर से वर्ष 2011 में उत्तीर्ण किया। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने प्रयागराज का रुख किया और ईसीसी कॉलेज से जीवविज्ञान में स्नातक किया। इसके बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए वह दिल्ली के मुखर्जी नगर पहुंचे, जहां वर्ष 2019 से नियमित तैयारी शुरू की। आरओ-एआरओ परीक्षा में अनिल को दूसरे प्रयास में सफलता मिली। अनिल पांडेय बताते हैं कि चार बार यूपी पीसीएस परीक्षा दे चुके हैं और तीन बार मुख्य परीक्षा तक पहुंचे। इस प्रक्रिया में प्राप्त अनुभव ने उनकी रणनीति को बेहतर किया जिसका सीधा असर इस परीक्षा के परिणाम में देखने को मिला। पिता हरि प्रसाद खेती करते हैं और माता उषा गृहिणी हैं। चार भाइयों में वह दूसरे स्थान पर हैं। बड़े भाई अमित पांडेय बीएसएफ में कार्यरत हैं। छोटे भाई अतुल आयकर विभाग में इंस्पेक्टर हैं, जबकि सबसे छोटे भाई अंकुर पांडेय दिल्ली में रहकर तैयारी कर रहे हैं। परिणाम घोषित होने के बाद क्षेत्र में बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया।