अंबेडकरनगर में यूपी पुलिस भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा में शामिल होने के लिए सोमवार को जिले में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पहुंचे। मुख्यमंत्री द्वारा परीक्षा अभ्यर्थियों को बसों में रियायती यात्रा सुविधा देने की घोषणा के बावजूद कई अभ्यर्थियों ने पूरा किराया वसूले जाने की शिकायत की। इससे अभ्यर्थियों में नाराजगी देखने को मिली। गोरखपुर, आजमगढ़, सुल्तानपुर, अयोध्या, जौनपुर और आसपास के जनपदों से हजारों अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे। रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टेशन और प्रमुख चौराहों पर सुबह से ही अभ्यर्थियों की भारी भीड़ रही। कई अभ्यर्थियों का कहना था कि उन्हें आधे किराये की सुविधा मिलने की उम्मीद थी, लेकिन अधिकांश बसों में पूरा किराया लिया गया। परीक्षा समाप्त होने के बाद एक साथ बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के बाहर निकलने से शहर की सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ गया। अकबरपुर नगर क्षेत्र, बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन और परीक्षा केंद्रों के आसपास जाम जैसी स्थिति बन गई। प्रशासन की ओर से रूट डायवर्जन की व्यवस्था लागू किए जाने के बावजूद कई स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। यातायात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मोर्चा संभालकर यातायात सुचारु कराने का प्रयास किया, लेकिन अभ्यर्थियों और वाहनों की अधिक संख्या के चलते लोगों को काफी देर तक जाम का सामना करना पड़ा।