उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा सोमवार को अंबेडकरनगर में 10 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग ने व्यापक इंतजाम किए थे। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली गई, जिसके चलते बेल्ट, पर्स, स्मार्ट घड़ी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ-साथ कई अभ्यर्थियों को अपना चश्मा तक बाहर जमा कराना पड़ा। परीक्षा समाप्त होने के बाद बाहर निकले अधिकांश अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को अपेक्षाकृत सरल बताया। उनका कहना था कि सामान्य ज्ञान, गणित, तर्कशक्ति और सामान्य हिंदी से जुड़े अधिकांश प्रश्न पाठ्यक्रम के अनुरूप थे और कठिन प्रश्नों की संख्या कम रही। इससे अच्छे अंक आने की उम्मीद बढ़ गई है। कई अभ्यर्थियों ने बताया कि इस बार प्रश्नपत्र संतुलित था और समय प्रबंधन में भी ज्यादा कठिनाई नहीं हुई। जिन अभ्यर्थियों ने नियमित तैयारी की थी, उन्हें प्रश्नों का उत्तर देने में विशेष परेशानी नहीं हुई। परीक्षा केंद्रों से निकलते समय अभ्यर्थियों के चेहरों पर संतोष और आत्मविश्वास साफ दिखाई दे रहा था।