जलालपुर में यूको बैंक की नई शाखा शुरू, एसडीएम ने किया उद्घाटन 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत हुआ पौधरोपण, आधुनिक बैंकिंग सेवाओं का मिला भरोसा जलालपुर, अंबेडकरनगर: मालीपुर रोड स्थित हरियाली मार्केट में बुधवार को यूको बैंक की नई शाखा का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि एसडीएम राहुल कुमार गुप्ता ने फीता काटकर शाखा का उद्घाटन किया। इससे पूर्व शाखा प्रबंधक अभिषेक कुमार पाठक ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कराया। कार्यक्रम के दौरान 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधरोपण भी किया गया। उद्घाटन समारोह का शुभारंभ उप अंचल प्रमुख साहिल सुमन, लोन एंड मार्केटिंग हेड अमन रंजन, व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष आनंद जायसवाल, नगर अध्यक्ष संदीप अग्रहरि, समाजसेवी सोनू गौड़ एवं मीडिया प्रभारी विकास निषाद ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर बैंक अधिकारियों ने कहा कि नई शाखा के संचालन से क्षेत्रवासियों को आधुनिक, सुरक्षित और सुलभ बैंकिंग सेवाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने ग्राहकों को बेहतर और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता भी दोहराई। कार्यक्रम में मुख्य प्रबंधक अंकुर यादव, जय प्रकाश पांडेय, सौरभ सिंह, अशोक सिंह सहित बैंक के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं स्थानीय व्यापारियों आदित्य गोयल, शिवम आर्या और विवेक सोनी ने नई शाखा के शुभारंभ का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए लाभकारी बताया। खाद, बिजली और सिंचाई के मुद्दों पर गरजे किसान - अधिकारियों की गैरहाजिरी पर जताई नाराजगी -किसान दिवस में पिछली बैठक की समस्याएं लंबित होने का आरोप अमेठी सिटी। जिला मुख्यालय गौरीगंज स्थित विकास भवन सभागार में बुधवार को आयोजित किसान दिवस में किसानों ने खाद, बिजली, सिंचाई और फार्मर रजिस्ट्री समेत कई समस्याओं को लेकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। किसानों ने आरोप लगाया कि पिछली बैठकों में उठाए गए मुद्दों का अब तक समाधान नहीं हुआ है। साथ ही डीएम, सीडीओ समेत वरिष्ठ अधिकारियों की अनुपस्थिति पर भी सवाल उठाए। किसान रीता सिंह ने कहा कि वर्ष 2019 से वरासत के मामले लंबित हैं। बटाई पर खेती करने वाले किसानों को खाद लेने के लिए खतौनी और फार्मर रजिस्ट्री मांगी जा रही है, जिससे उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि पिछली किसान दिवस बैठक में दर्ज कराई गई समस्याओं का भी निस्तारण नहीं हुआ। लगातार बिजली कटौती से सिंचाई प्रभावित हो रही है। रणंजय सिंह ने कहा कि किसान दिवस में वरिष्ठ अधिकारी शामिल नहीं होते, जिससे किसानों की शिकायतों का प्रभावी समाधान नहीं हो पाता। राकेश मिश्र ने खाद की कमी और फार्मर रजिस्ट्री की धीमी प्रक्रिया का मुद्दा उठाया। अजय मिश्र ने कहा कि नहरों में टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा है और नहर विभाग की ओर से सफाई व मरम्मत भी नहीं कराई जा रही है। उन्होंने समितियों और इफको केंद्रों पर खतौनी लेने की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसके लिए किसानों को 40 से 50 रुपये खर्च करने पड़ते हैं, जबकि उसका कोई उपयोग नहीं हो रहा। सुरेंद्र बहादुर सिंह ने अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाने की मांग की। बैठक में मौजूद अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी और शिकायतों के समाधान का भरोसा दिलाया। इस मौके पर उप कृषि निदेशक सत्येंद्र कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, जिला कृषि अधिकारी डॉ. देवेंद्र कुमार सिंह निरंजन, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. गोपाल कृष्ण शुक्ल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।