2027 में सभी पांच सीटों पर होगी एनडीए की जीत : ओमप्रकाश राजभर प्रभारी मंत्री नेजलालपुर से चुनाव लड़ने से किया इनकार, सुनीं समस्याएं जलालपुर (अंबेडकरनगर): उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश राजभर बुधवार को जलालपुर ब्लॉक परिसर में जन चौपाल के बाद मीडिया से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि सत्ता से बेदखल हुए लोग कोई काम नहीं करा सकते हैं। आगामी विधान सभा चुनावों में एनडीए जलालपुर समेत जिले की सभी पांच सीटों पर चुनाव जीतेगी। उन्होंने कहा कि जनपद में पर्याप्त जनप्रतिनिधियों के अभाव में कई विकास योजनाओं का बजट वापस चला जाता है, इसलिए विकास कार्यों को गति देने के लिए मजबूत जनप्रतिनिधित्व जरूरी है। व्यापारियों ने विद्युत विभाग के एसडीओ पर अनावश्यक कार्रवाई और उत्पीड़न का आरोप लगाया। इस पर प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर व्यापारियों की समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। व्यापारियों का किसी भी स्तर पर उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और शिकायत सही मिलने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। जलालपुर बाईपास निर्माण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से वार्ता करेंगे, ताकि परियोजना को शीघ्र मंजूरी और गति मिल सके। उन्होंने जलालपुर क्षेत्र में बस सेवा शुरू कराने का भी आश्वासन दिया और कहा कि जल्द ही बसों का संचालन शुरू कराया जाएगा। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष दिलीप देव पटेल, मिथिलेश त्रिपाठी, रमेश दुबे, रविकांत प्रजापति, देवेश मिश्रा, दीपक त्रिपाठी, उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष आनंद जायसवाल, अंशुमान सिंह, संदीप अग्रहरि सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।