इलाहाबाद के करेली इलाके में पुलिस ने छापेमारी कर अवैध असलहों का कारखाना पकड़ा। इस सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। मेरठ पुलिस ने अवैध हथियार बनानेवाले शख्स को गिरफ्तार कर उससे तैयार और आधे बने कई देसी अवैध हथियार बरामद किए। अलीगढ़ में पुलिस ने मुखबीर की सुचना पर टेंटीगांव रोड से हथियार तस्कर को धर दबोचा। तस्कर के पास से चार पिस्टल, एक तमंचा, आठ कारतूस भी बरामद हुआ। आरोपी ने बताया कि वो मध्यप्रदेश से तमंचे खरीद कर लाता था और आस-पास के इलाको में महज दस हजार रुपये में बेच देता था। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि अवैध हथियारों का पूरा गिरोह काम कर रहा है जो अंतरराज्यीय है। शामली के गांव खुरगान से पुलिस ने छापा मारकर 80 तमंचे, 123 मस्कट और करीब 400 अधूरे तमंचों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस की छानबीन में ये बात भी सामने आई है कि हथियारों की इस सप्लाई के नेटवर्क में महिलाएं भी शामिल हैं।