अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के एक विधि (लॉ) छात्र ने अपनी सूझबूझ और कानूनी ज्ञान का शानदार परिचय देते हुए बड़ी मोबाइल निर्माता कंपनी को सबक सिखा दिया है। छात्र ने एक महंगा मोबाइल खरीदा था, जिसमें तकनीकी कमी निकलने पर कंपनी ने न तो फोन ठीक किया और न ही बदला। जब मनमानी पर उतरी कंपनी ने पल्ला झाड़ लिया, तब भावी अधिवक्ता छात्र ने हार न मानते हुए उपभोक्ता संरक्षण आयोग का दरवाजा खटखटाया। आयोग में मजबूत पैरवी और कानूनी तर्कों के आगे कंपनी की एक न चली। मामले की सुनवाई करते हुए आयोग ने उपभोक्ता के अधिकारों का हनन करने पर कड़ा रुख अपनाया। कंपनी को दोषी मानते हुए नया मोबाइल देने के साथ-साथ मानसिक व आर्थिक उत्पीड़न के एवज में 50,000 रुपए का भारी जुर्माना भरने का आदेश जारी किया है। एएमयू छात्र की इस जीत को परिसर में कानूनी जागरूकता और अधिकारों के प्रति सजगता की एक बेहतरीन मिसाल माना जा रहा है।