भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की रथयात्रा बृहस्पतिवार को धूमधाम से निकाली गई। भगवान जगन्नाथ का रथ खींचने के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह देखने लायक था। पूरे मार्ग में जय जगन्नाथ के जयघोष गूंजते रहे। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर रथ यात्रा का स्वागत किया गया, जबकि रथ के आगे श्रद्धालु झाड़ू लगाकर सेवा भाव का परिचय देते रहे। रथयात्रा में शामिल श्रद्धालु हरे राम-हरे कृष्ण का संकीर्तन करते हुए नाचते-गाते चल रहे थे।