आगरा के थाना डौकी के सुल्तानपुर में पुरानी रंजिश को लेकर बकरी चराने जा रहे युवक को गांव के ही एक युवक ने पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने घायल को मेडिकल के लिए भेजा। मामले में पुलिस जांच कर रही है। थाना डौकी के गांव सुल्तानपुर निवासी मंगल बिहारी ने पुलिस को बताया कि गांव के एक युवक ने कुछ समय पहले उसकी मां के साथ मारपीट की थी, जिसमें कोई कार्रवाई न होने पर वह आए दिन चिढ़ाता था। मंगलवार सुबह में अपनी बकरियों को लेकर चराने जा रहा था तो रास्ते में रोक कर गाली-गलौज करने लगा। जब उसने विरोध किया तो वह मारपीट पर उतारू हो गया। तभी उसकी आवाज सुनकर उसकी पत्नी जसोदा बचाने आई तो युवक ने अपने पुत्रों को बुला लिया। उन्होंने लाठी-डंडों के साथ उसके व उसकी पत्नी जसोदा के साथ मारपीट की। घायल अवस्था में पुलिस ने मंगल बिहारी को मेडिकल के लिए भेजा है।