आगरा के पिनाहट में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन टूटकर खेत में गिर पड़ी। इसकी चपेट में आकर एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। कस्बा निवासी सोनू उर्फ रवि देपुरिया के ऊपर रविवार को 11 हजार वोल्ट की लाइन का तार टूटकर गिर गया। हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह तार को खींचकर अलग किया और घायल युवक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। बताया जा रहा कि घटना के समय खेत पर करीब 20 लोग मौजूद थे, जो बाल-बाल बच गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के खिलाफ आक्रोश जताया। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी विभाग ने तार ठीक नहीं कराए हैं, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ।