आगरा के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में शामिल घटिया आजम खां स्थित विक्टोरिया इंटर कॉलेज आज शिक्षा से ज्यादा प्रबंधन विवाद के कारण सुर्खियों में है। वर्षों से चले आ रहे प्रबंधन संघर्ष का असर अब सीधे विद्यार्थियों के भविष्य पर पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) रविंद्र पाल तोमर के निरीक्षण और नामांकन बढ़ाने के निर्देश के बावजूद एक माह में विद्यालय में एक भी नया छात्र प्रवेश नहीं ले सका। विद्यालय में वर्तमान में 17 शिक्षक कार्यरत हैं और करीब 80 विद्यार्थियों का नामांकन दर्ज है, लेकिन प्रतिदिन महज 15 से 20 छात्र ही पढ़ाई के लिए पहुंच रहे हैं। विद्यालय की शैक्षणिक स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। विज्ञान प्रयोगशाला पर ताला लटका है और पढ़ाई-लिखाई की व्यवस्थाएं भी बेहद सीमित हैं। दूसरी ओर, प्रबंधन विवाद को लेकर न्यायालय में चार से पांच रिट लंबित हैं, जिनका असर विद्यार्थियों से जुड़े आवश्यक कार्यों पर भी पड़ रहा है।