ताजमहल के रॉयल गेट पर मंगलवार दोपहर आंधी के दौरान पच्चीकारी के पत्थर गिर गए। एक सप्ताह से आंधी और बारिश के साथ ओलों के बीच रॉयल गेट की पच्चीकारी के छोटे-छोटे पत्थर के टुकड़े दोनों ओर नीचे गिरे। गनीमत यह रही कि जिस वक्त यह पत्थर गिरे, वहां कोई पर्यटक मौजूद नहीं था। मंगलवार दोपहर में धूल भरी आंधी के साथ शुरू हुई बारिश में ताजमहल में मौजूद पर्यटकों ने मुख्य गुंबद परिसर और रॉयल गेट के नीचे सुरक्षित जगह तलाशी। इसी दौरान रॉयल गेट के ऊपरी हिस्से में मुगलकालीन पच्चीकारी के कुछ हिस्से के पत्थर के टुकड़े ढीले होकर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पत्थर गिरने की आवाज सुन वहां मौजूद पर्यटक दूर हट गए। ताज देखने रोजाना हजारों की संख्या में सैलानी आते हैं। रॉयल गेट के रखरखाव और पत्थरों की मजबूती को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं।