आगरा समेत 12 जिलों के 412 मतदान स्थलों पर 23 और 26 अक्टूबर को हुए मतदान के बाद मंगलवार सुबह नवीन गल्ला मंडी, फिरोजाबाद रोड पर मतों की गणना की प्रक्रिया शुरू हो गई। बैलट बॉक्स स्ट्रांग रूम से बाहर निकालकर स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना के लिए बनाई गई 14-14 टेबल पर मतपत्र निकालकर बंडल बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मतगणना की इस प्रक्रिया के बीच समाजवादी पार्टी के शिक्षक क्षेत्र के प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने प्रशासनिक अमले और सत्तारूढ़ दल पर बड़ा हमला बोला है। मीडिया से अनौपचारिक बातचीत के दौरान सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने कहा कि चुनाव आयोग के नियमों और मैनुअल के अनुसार निष्पक्ष व ईमानदारी से काउंटिंग होनी चाहिए, बिना किसी लाठीचार्ज या एजेंटों को भगाए प्रक्रिया पूरी होनी चाहिए। आरोप लगाया कि इस पूरी प्रक्रिया में चुनाव आयोग के पर्यवेक्षक और आरओ (RO) पूरी तरह से मौन बने हुए हैं। डॉ. अग्रवाल ने पश्चिम बंगाल का हवाला देते हुए भाजपा पर तंज कसा और कहा कि वहां की गई घटनाओं की बात की जाती है, लेकिन उत्तर प्रदेश शासन और प्रशासन के साए में सत्ता पक्ष द्वारा नियमों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जनता और मतदाता सब देख रहे हैं, और निर्वाचन नियमों का पालन पूरी पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित किया जाना चाहिए।