आगरा के विधानसभा फतेहाबाद क्षेत्र में रविवार को विधायक खेल स्पर्धा का आयोजन राजकीय महाविद्यालय फतेहाबाद के मैदान में किया गया। एथलेटिक्स, कबड्डी, वॉलीबॉल, कुश्ती, बैडमिंटन आदि खेलो में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। विजेताओं को सम्मानित किया गया। विधायक खेल स्पर्धा का उद्घाटन मुख्य अतिथि फतेहपुर सीकरी के भाजपा सांसद राजकुमार चाहर, भाजपा से फतेहाबाद के विधायक छोटे लाल वर्मा ने किया। उद्घाटन के दौरान जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी, पुलिस आयुक्त दीपक कुमार भी मौजूद रहे। सांसद ने कहा कि खिलाड़ी अपनी पूरी दमखम लगाकर खेल के माध्यम से जिले और प्रदेश में अपना नाम रोशन करें। घोषणा की कि जल्द ही फतेहाबाद क्षेत्र में स्टेडियम की नींव रखी जाएगी। रेसलिंग के लिए फतेहाबाद क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए सांसद निधि से गद्दों की व्यवस्था कराई जाएगी।