उत्तर प्रदेश के आगरा में पुलिस उत्पीड़न से परेशान तीन दिन में दो सगे भाइयों ने आत्महत्या कर ली। खंदौली थाना क्षेत्र के रुपधनू गांव के रहने वाले थे। मंगलवार सुबह से गांव में तनावपूर्ण स्थिति है। शव के अंतिम संस्कार से पहले ग्रामीण मृतक आश्रितों को नौकरी और जमीन के पट्टे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहें हैं। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतक आश्रितों को पांच-पांच लाख रुपए की फौरी तौर पर आर्थिक मदद की घोषणा की है। क्षेत्रीय भाजपा विधायक धर्मपाल सिंह पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ आर्थिक मदद का चैक देने रुपधनू पहुंचे। जहां परिजनों ने सिर्फ चेक लेने से इंकार कर दिया। प्रशासन के लोगों ने समझाने का प्रयास किया। दोपहर साढ़े तीन बजे तक परिजन शव के अंतिम संस्कार को तैयार नहीं हुए थे। उनका कहना है कि इंसाफ चाहिए। अन्तिम संस्कार से पहले चाहिए। पुलिस को लेकर ग्रामीणों में खासा रोष है। पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगाए। आक्रोशित परिजन को तमाम नेता और अफसर मनाने के प्रयास में लगे हैं।