आगरा। सैंया हाईवे के पास एक होटल से चार तस्करों के कब्जे से बरामद तेंदुए की 10 खालों की अब वैज्ञानिक जांच कराई जाएगी। वन विभाग इन खालों को सोमवार को डब्ल्यूआई (वाइल्डलाइफ इंस्टीट्यूट) भेजेगा। जांच के जरिए यह पता लगाया जाएगा कि खालें कितनी पुरानी हैं। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास होगा कि खालें नर तेंदुए की हैं या मादा तेंदुए की। वैज्ञानिक जांच में खालों से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों की भी जानकारी जुटाई जाएगी। बृहस्पतिवार रात वन विभाग, आगरा पुलिस और वाइल्डलाइफ एसओएस की संयुक्त टीम ने सैंया हाईवे के पास एक होटल में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को 10 तेंदुए की खाल के साथ पकड़ा था। वन विभाग की टीम ने तस्करों तक पहुंचने के लिए ग्राहक बनकर करीब 20 दिन तक जानकारी जुटाई थी। टीम ने तस्करों से संपर्क कर खाल खरीदने का सौदा तय किया, जिसके बाद उन्हें आगरा बुलाया गया। होटल में पहुंचते ही संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।