आगरा। बदलती जीवनशैली के साथ लोगों के खानपान में भी बदलाव देखने को मिल रहा है। अब घरों में रोटी के लिए सिर्फ गेहूं के आटे पर निर्भरता नहीं रह गई है। लोग स्वाद और अपनी पसंद के अनुसार अलग-अलग अनाज और दालों से तैयार आटे भी खरीद रहे हैं। घटिया आजम खां स्थित अनाज मंडी में ग्राहकों को गेहूं के आटे के साथ कई तरह के आटे उपलब्ध हैं। इनमें रागी, ज्वार, चना, सोयाबीन, बेसन, मूंग और उड़द की दाल से तैयार आटा और मक्के का आटा शामिल है। मंडी में मल्टीग्रेन आटे की भी वैरायटी उपलब्ध है। इसे कई तरह के अनाज और दालों को मिलाकर तैयार किया जाता है। इसमें गेहूं, चना, सोयाबीन, हरी मूंग, साबुत मेथी दाना, रागी और ज्वार को मिश्रित कर आटा तैयार किया जाता है। अलग-अलग अनाजों के मिश्रण से तैयार इस आटे को ग्राहक अपनी जरूरत और पसंद के अनुसार खरीद रहे हैं। 40 से 100 रुपये किलो तक आटा, घटिया आजम खां की अनाज मंडी में करीब 40 रुपये से लेकर 100 रुपये प्रति किलो तक की कीमत में अलग-अलग तरह के आटे आसानी से मिल जाते हैं। आटे की कीमत उसके अनाज और मिश्रण के आधार पर अलग-अलग होती है। ग्राहकों को अपनी जरूरत और बजट के अनुसार कई विकल्प उपलब्ध हैं। कोविड के समय से ही लोगों में अलग-अलग तरह के आटे की मांग बढ़ी है। कोविड के बाद से ग्राहक स्वास्थ्य को लेकर अधिक जागरूक हुए हैं और आटे की विभिन्न वैरायटी के बारे में पूछताछ करने लगे हैं। इनमें सबसे अधिक मांग मल्टीग्रेन आटे की रहती है। ग्राहकों की मांग को देखते हुए दुकानदार भी अलग-अलग अनाजों से तैयार आटे की वैरायटी उपलब्ध करा रहे हैं।