आगरा के जैतपुर के नहटोली एवं बाह के बड़ागांव के बीच रिटायर्ड सूबेदार की मोपेड पर लिफ्ट लेकर बैठ कर युवक द्वारा उनकी जेब काटकर 11 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। गढ़वार गांव के आईटीबीपी के रिटायर्ड सूबेदार रामदास ने पुलिस को बताया कि मंगलवार दोपहर 12.30 बजे वह घर से अपनी मोपेड लेकर तहसील बाह के लिए निकले थे। नहटोली के पास सड़क किनारे खड़े युवक ने हाथ के इशारे से लिफ्ट मांगी थी। सेवाभाव से उसे अपनी मोपेड पर बिठा लिया था। रास्ते में युवक ने उनको बातों में उलझाया और पैंट की जेब काट कर 11 हजार रुपये और जरूरी दस्तावेज निकाल लिए। युवक बड़ागांव में हनुमान मंदिर के पास मोपेड रुकवा कर उतर गया। बाह पर आने के बाद उन्होंने जेब टटोली तो रुपये गायब थे। जेब कटी हुई थी। वह वापस नहटोली तक युवक की तलाश में गए, हनुमान मंदिर के आसपास खोजबीन की लेकिन सुराग नहीं मिला है। उन्होंने पुलिस से जांच और कार्रवाई की मांग की है। पुलिस युवक की पहचान और तलाश के लिए रास्ते के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।