सरकार की ओर से बिजली बकायेदारों को राहत देते हुए बिजली बिल राहत योजना की शुरुआत की गई है। इसको लेकर कस्बा रुनकता हाट बाजार स्थित जैन चक्की पर बिजली बिल राहत योजना के तहत शिविर लगाया गया। इसमें बड़ी संख्या में उपभोक्ता पहुंचे। शिविर में पहुंचे डायरेक्टर अजय अग्रवाल ने बताया कि यह अब तक की सबसे बेहतर छूट वाली योजना है। इससे उपभोक्ताओं को भारी लाभ मिलेगा। यह योजना पहले आएं, पहले पाएं के आधार पर तीन चरणों में चलेगी। पहले चरण में 1 से 31 दिसंबर, रजिस्ट्रेशन व भुगतान करने पर 100 प्रतिशत ब्याज व मूलधन पर 25 प्रतिशत छूट मिलेगी। दूसरे चरण 1 से 31 जनवरी में 100 प्रतिशत ब्याज और 20 प्रतिशत मूलधन छूट, वहीं तीसरा चरण 1 से 28 फरवरी में 100 प्रतिशत ब्याज और 15 प्रतिशत मूलधन छूट दी जाएगी।