आगरा। कैलाश मेले में सोमवार शाम एक बच्ची साथ आए लोगों से बिछड़ गई। पूछताछ में वह सिर्फ नाम बता पा रही थी, घर का पता नहीं। पुलिस ने काफी मशक्कत की तो उसे एक ऐसा क्लू मिला, जिसके सहारे वह बच्ची के घर तक पहुंच गई। इससे परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। सोमवार सुबह करीब छह बजे गुरुद्वारा कट के पास छह साल की बच्ची पुलिस को रोती दिखी। सिकंदरा थाने के एसआई ने बच्ची से उसके रोने की वजह पूछी तो वह कुछ बता नहीं पा रही थी। आसपास के दुकानदारों और माैजूद लोगों ने भी उसे नहीं पहचाना। महिला पुलिसकर्मियों की मदद से बच्ची को सांत्वना देकर शांत कराया गया। उसने बताया कि वह आसपास के लोगों के साथ आई थी। इसके बाद बच्ची ने अपना नाम, पिता और मां का नाम बताया। बात-बात में उसने अपने स्कूल का नाम पुलिसकर्मियों को बता दिया। यही छोटा सा सुराग पुलिस के लिए अहम सुराग बन गया। पुलिस ने तुरंत स्कूल के प्रधानाचार्य से संपर्क किया। स्कूल से बच्ची के परिजन की जानकारी और मोबाइल नंबर प्राप्त कर उनसे संपर्क किया गया। सूचना पर शाहदरा, थाना एत्माद्दौला निवासी परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बच्ची को उनके सुपुर्द किया।