उत्तर प्रदेश के आगरा में एक हजार रुपये तक के जूते पर जीएसटी की दर पांच फीसदी होने की उम्मीद बढ़ गई है। प्रदेश के वित्त मंत्री और जीएसटी काउंसिल के सदस्य सुरेश खन्ना ने कारोबारियों को आश्वस्त किया। कहा कि वो खुद मांग की पैरवी करेंगे। उन्होंने मांगपत्र को फिटमेंट समिति को भेजने की जानकारी भी दी। रविवार को हींग की मंडी स्थित द आगरा शू फैक्टर्स फेडरेशन के कार्यालय में वित्त मंत्री ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि जूते पर 5 से 12 फीसदी जीएसटी होने पर कारोबारियों ने विरोध नहीं जताया। इससे जीएसटी काउंसिल में ये पास हो गया। अगर कपड़ा उद्यमियों की तरह ये भी मांग और ज्ञापन देते तो जूते पर दर नहीं बढ़ती। अब व्यापारियों की परेशानी देखते हुए कमेटी को प्रस्ताव भेजा गया है। इसकी रिपोर्ट के बाद काउंसिल की बैठक में एजेंडा रखा जाएगा, जहां इसे पास कराने के लिए पूरी कोशिश करेंगे।