आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय प्रशासन आंतरिक परीक्षाओं के अंक अपलोड न करने वाले कॉलेजों पर सख्त कार्रवाई करेगा। ऐसे कॉलेजों को 15 जून तक अंक अपलोड करने का मौका दिया है। ऐसा न करने वाले कॉलेजों पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगेगा। साथ ही दीक्षांत समारोह में भी संबंधित कॉलेज के छात्र-छात्राएं शामिल नहीं हो सकेंगे। परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत स्नातक के द्वितीय, चतुर्थ और षष्ठम सेमेस्टर और परास्नातक के द्वितीय और चतुर्थ सेमेस्टर के आंतरिक परीक्षाओं के अंक करीब 100 कॉलेजों ने अभी तक अपलोड नहीं किए हैं। संचालकों को कॉलेज की लॉगइन आईडी पर उपलब्ध कराए लिंक के जरिये अंक ऑनलाइन अपलोड करने हैं। कई बार नोटिस देने के बाद भी अंक नहीं अपलोड किए गए। इससे परिणाम जारी करने में अनावश्यक देरी हो रही है। उन्होंने कहा कि 15 जून तक ऐसे कॉलेजों को अंक अपलोड करने हैं। साथ ही स्नातक और परास्नातक के द्वितीय सेमेस्टर के आंतरिक परीक्षाओं के अंक समर्थ पोर्टल के माध्यम से 20 जून तक ऑनलाइन अपलोड करने हैं। तय तिथि के बाद संबंधित कॉलेज के विद्यार्थी दीक्षांत समारोह में शामिल नहीं हो सकेंगे। साथ ही कॉलेजों पर भी जुर्माना लगेगा। डाॅ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय सेल्फ फाइनेंस कॉलेज एसोसिएशन के अध्यक्ष चौधरी कृपाल सिंह आर्य ने बताया कि ऐसे कॉलेज संचालकों से संपर्क कर रहे हैं। 15 जून से पहले तक आंतरिक अंक अपलोड करा दिए जाएंगे।