लोहड़ी पर्व पर हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय परिसर में राष्ट्रीय कला मंच की विवि इकाई ने छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए हुनरबाज मंच प्रदान किया। लोहड़ी के इस पर्व को मनाने के लिए पुस्तकालय में पढ़ाई करने आए करीब सौ छात्र-छात्राओं ने किताबों को छोड़कर गीत संगीत की इस महफिल में भाग लिया और खुले में अलावा जलाकर गाने गाए। हुनरबाज मंच पर करीब 14 छात्र-छात्राओं ने अपनी पसंद के गीत और डांस, हास्य कविता और कॉमेडी की प्रस्तुति देकर मनोरंजन किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय कला मंच की राष्ट्रीय संयोजक गुंजन ठाकुर और अधिवक्ता शीतल व्यास ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस आयोजन में छात्र मनोज ने पूरे हिमाचल के अलग-अलग जिलों के चर्चित गीतों को गाया। मंच का संचालन पीयूष तोमर और स्मृति ने किया। लोहड़ी पर जलाए अलाव की पूजा अर्चना करने के बाद पंजाबी और फिल्मी गीतों पर छात्र-छात्राओं ने डांस किया। राष्ट्रीय कला मंच की विवि इकाई के अध्यक्ष हनी शर्मा और सचिव आशीष शर्मा ने बताया कि साढ़े छह बजे के बाद तक छात्र नाचते रहे।