फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shimla News: सूरज हत्याकांड के मुख्य गवाह कांस्टेबल के निलंबन पर बवाल, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

बहुचर्चित गुड़िया कांड से जुड़े सूरज हत्याकांड के मुख्य गवाह कांस्टेबल दिनेश शर्मा के निलंबन को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। गुरुवार को शिमला में आयोजित प्रेस वार्ता में उनके भाई सुरेश शांडिल्य, मां सत्या शर्मा और अन्य परिजनों ने हिमाचल पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दिनेश शर्मा को सच बोलने की सजा दी जा रही है। परिवार का दावा है कि वर्ष 2017 में कोटखाई के बहुचर्चित गुड़िया कांड के दौरान पुलिस हिरासत में हुई सूरज की मौत के मामले में दिनेश शर्मा बतौर संत्री ड्यूटी पर तैनात थे और उन्हें इस मामले में मुख्य गवाह बनाया गया था। परिजनों का आरोप है कि उस समय उन पर बयान बदलने और पुलिस अधिकारियों के पक्ष में गवाही देने का दबाव बनाया गया, लेकिन उन्होंने ऐसा करने से इनकार कर दिया। सुरेश शांडिल्य ने दावा किया कि दिनेश शर्मा की गवाही सीबीआई की विशेष अदालत में अहम साबित हुई, जिसके आधार पर तत्कालीन आईजी सहित आठ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। हालांकि बाद में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने तत्कालीन आईजी की सजा पर रोक लगा दी थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि पिछले डेढ़ महीने के भीतर दिनेश शर्मा का पांच बार तबादला किया गया। उनका कहना है कि दिनेश ने अधिकारियों को बताया था कि उनका बेटा दिव्यांग है और उसके इलाज तथा स्कूल लाने-ले जाने के लिए उनकी मौजूदगी जरूरी है। इसके बावजूद उनकी पारिवारिक परिस्थितियों को नजरअंदाज कर लगातार तबादले किए गए। परिवार का आरोप है कि जब दिनेश अपनी समस्या लेकर वरिष्ठ अधिकारियों से मिलने पहुंचे तो उन्हें देर रात कार्यालय बुलाया गया, जहां उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। बाद में उन्हें निलंबित कर दिया गया। परिजनों के अनुसार वर्ष 2017 में भी दिनेश शर्मा को निलंबित किया गया था। छह महीने बाद उनकी बहाली हुई, लेकिन उस समय शुरू की गई विभागीय जांच आज तक पूरी नहीं हुई। उनका कहना है कि जांच लंबित रहने के कारण उनकी पदोन्नति और अन्य सेवा लाभ भी प्रभावित हुए हैं। दिनेश शर्मा की मां सत्या शर्मा ने कहा कि उनके बेटे को जानबूझकर प्रताड़ित किया जा रहा है। प्रेस वार्ता में उनकी पत्नी ममता शर्मा और पुत्र भी मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें