दिल्ली में छात्र प्रदर्शन के दौरान स्कूली छात्राओं पर कथित पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को शिमला के रिज मैदान स्थित महात्मा गांधी प्रतिमा के समीप एक दिवसीय सांकेतिक धरना आयोजित किया गया। धरने में शामिल सामाजिक कार्यकर्ताओं ने छात्रों की मांगों के समर्थन में आवाज उठाते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और घटना की न्यायिक जांच की मांग की। धरने का नेतृत्व सामाजिक कार्यकर्ता रवि कुमार दलित ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में शांतिपूर्ण मार्च कर रहे छात्रों और छात्राओं पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग किया गया, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। धरना स्थल पर प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि छात्रों की न्यायोचित मांगों को स्वीकार किया जाए, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें और कथित लाठीचार्ज की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। रवि कुमार दलित ने शिमला के सामाजिक संगठनों, महिला संगठनों, बुद्धिजीवियों और नागरिकों से छात्रों के समर्थन में आगे आने की अपील भी की। धरने में अंबेडकर वेलफेयर सोसाइटी के प्रदेश अध्यक्ष प्रितपाल सिंह मट्टू, उपाध्यक्ष अमित वाल्मीकि, रणवीर सिंह राजू, सुमित नरेश, राजकुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।