सावन का महीना शुरू होते ही राजधानी शिमला के बाजार हरे रंग में रंगने लगे हैं। लोअर बाजार में इन दिनों फैंसी हरी चूड़ियों की मांग तेजी से बढ़ी है। सुहाग और शुभता का प्रतीक मानी जाने वाली हरी चूड़ियां खरीदने के लिए महिलाएं बड़ी संख्या में दुकानों का रुख कर रही हैं। बाजार में साधारण से लेकर डिजाइनर और स्टोन वर्क वाली फैंसी हरी चूड़ियां उपलब्ध हैं। इनकी कीमत 50 रुपये से 150 रुपये प्रति दर्जन तक है। दुकानदारों का कहना है कि सावन के दौरान हर साल हरी चूड़ियों की बिक्री में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होती है। लोअर बाजार के कारोबारी गोपाल ने बताया कि सावन को देखते हुए विशेष रूप से फिरोजाबाद से हरी चूड़ियों का नया स्टॉक मंगवाया गया है। ग्राहकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग डिजाइनों और रेंज की चूड़ियां उपलब्ध कराई गई हैं।