पर्यावरण संरक्षण और हरित हिमाचल के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए रोटरी क्लब शिमला हिल्स क्वीन ने मंगलवार को लोअर समरहिल क्षेत्र में पौधारोपण अभियान आयोजित किया। अभियान के दौरान क्लब के सदस्यों ने विभिन्न प्रजातियों के फलदार पौधे लगाकर लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक रहने का संदेश दिया। पौधारोपण अभियान में क्लब की अध्यक्ष हरप्रीत सेंबी सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस अवसर पर सभी ने पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में पर्यावरण और समाज के लिए उपयोगी बन सकें। क्लब सदस्यों ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए पौधारोपण बेहद आवश्यक है। ऐसे अभियान न केवल हरियाली बढ़ाने में सहायक हैं, बल्कि लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं।